Spread the love

 श्री नागेन्द्र (नगेला) देवता का भव्य अनुष्ठान संपन्न

प्रदीप कुमार
देवप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर विकासखण्ड के दूरस्थ गांव टोला में श्री नागेन्द्र (नगेला) देवता का अनुष्ठान भव्य कलशयात्रा के साथ संपन्न हुआ। नौ प्रहरीय इस जात में भारी संख्या में प्रवासी ग्रामीणों ने भागीदारी की।देवता के नये पस्वा डॉ.वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल पर धागुला पहनाया गया।डागर पट्टी की राडागाड ग्राम पंचायत के अंतर्गत टोला गांव के लोगों का कुल देवता नगेला है। पहले एक निश्चित समय के अंतराल पर गांव में देवता का अनुष्ठान होता रहा है,परंतु 2017 से देवता का अनुष्ठान नहीं हो पाया था। 2018 में देवता के पस्वा धर्म सिंह बर्त्वाल के निधन के बाद देवता के नए पस्वा के चयन और धागुला धारण करवाने की समस्या थी। बाद में गांव के ही डॉ.वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल पर देवता अवतरण के बाद पंचों ने उन्हें पंचायती पस्वा चुना और पारंपरिक अनुष्ठान आयोजित किया।

उन पर धागुला धारण करवाने के बाद नौ प्रहरीय यज्ञ आयोजित किया गया। अनुष्ठान के आरंभ में देवता के थान से मंदिर तक गांव की ग्यारह कन्याओं के साथ महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। प्रहरों पर नगेला,घंटाकर्ण और कल्यावीर देवता अवतरित हुए। अनुष्ठान में डॉ.वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल के साथ ही प्रसिद्ध लोस्तु घंटाकर्ण मंदिर के पस्वा सोबनसिंह कैंतुरा,कल्यावीर के पस्वा ललित सिंह बर्त्वाल,नगेला के पस्वा देवेन्द्र सिंह कंडारी तथा कल्यावीर के पस्वा अनुसूया प्रसाद गोदियाल पर भी देवता अवतरित हुए। शाम को गांव की महिलाओं ने भजन-कीर्तन किये। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था भी थी। आचार्यों की भूमिका में गणेश प्रसाद गोदियाल,गोविन्द प्रसाद गोदियाल और अंकित गोदियाल रहे। पुजारी की भूमिका विजयपाल सिंह और निजवाला की भूमिका प्रीतम सिंह बर्त्वाल ने निभायी। लगभग आठ साल बाद हुए इस पारंपरिक अनुष्ठान में दिल्ली,चंडीगढ़देहरादून,हरिद्वार,गोपेश्वर इत्यादि शहरों में रह रहे गांव के प्रवासी लोगों ने भारी संख्या में भाग लिया। लोगों ने मंदिर में छात्र,घंटियां और अन्य भेंट चढ़ाकर देवताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। यज्ञ के समापन पर गांव की ग्यारह कन्याओं का पूजन किया गया। पहली बार गांव के लोगों ने ऑनलाइन बैठकों के माध्यम से इस आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाएं बनाईं। इस अवसर पर गुलाब सिंह बर्त्वाल,भरतसिंह,सौकार सिंह, रणजीत सिंह,राजेन्द्र सिंह,सुमन सिंह,राकेश सिंह,गोपाल सिंह,वीरेंद्र सिंह, अवतार सिंह,केशरसिंह,आलमसिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× Whatsapp