पट्टी बड़मा महोत्सव में संस्कृति, लोकगीत और विकास योजनाओं की झलक प्रभारी मंत्री बहुगुणा ने की शिरकत
प्रदीप कुमार
रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल।रुद्रप्रयाग जनपद के जखोली ब्लॉक में आयोजित बड़मा कृषि पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास महोत्सव 2025 के दूसरे दिन जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने मेले में शिरकत की। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक भरत चौधरी भी मौजूद रहे। मेले के दूसरे दिन का शुभारंभ प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी जनता को दी और उनसे अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। मेले के दूसरे दिन रा.प्रा.वि धरीयांज और चि.ए.जू.हाई स्कूल तिमली के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और लोकगीत प्रस्तुत किए,जिनका दर्शकों ने तालियों के साथ स्वागत किया।इसके अलावा,महिला मंगल दल कोटी बड़मा,महिला मंगल दल धरीयांज और महिला मंगल दल जखन्याल गांव की महिलाओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं,जिन्होंने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।मेले में जौनसार-भाबर से आई कलाकारों की टीम ने भी अपनी प्रस्तुति दी,जिसमें जौनसारी गीतों को नृत्य-नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। यह प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही और दर्शकों ने इसे खूब सराहा। इसके साथ ही,प्रसिद्ध लोक गायक विक्रम कपरवाण ने अपनी मधुर आवाज में लोकगीत प्रस्तुत किए,जिन पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। उनके गीतों पर बच्चों,बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं नेजमकर नृत्य किया,जिससे पूरे मेले का माहौल उल्लासपूर्ण हो गया। मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा सूचना और जागरूकता शिविर भी लगाए गए थे। चिकित्सा विभाग, उद्यान एवं प्रसंस्करण विभाग,कृषि विभाग,सहकारिता विभाग ने अपने-अपने स्टॉल लगाए,जहां इन विभागों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई।मेले में आए लोग इन स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर रहे थे और उनसे जुड़ने की प्रक्रिया को समझ रहे थे।रुद्रप्रयाग जनपद के स्वयं सहायता समूहों द्वारा उनके द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों को बिक्री के लिए रखा गया था। लोगों ने इन उत्पादों की खूब खरीदारी की,जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिला और ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिली। मेले में राजस्व विभाग ने भी अपना स्टॉल लगाया था,जहां लोगों की शिकायतों को दर्ज कर उनके त्वरित समाधान की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा,जिला प्रशासन द्वारा आधार अपडेट सेंटर भी स्थापित किया गया था,जहां बड़ी संख्या में लोग अपने आधार कार्ड अपडेट करवाने पहुंचे। प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार ने अपने सफल तीन वर्ष पूरे कर लिए हैं और इस दौरान कई विकास कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की मांग पर धामी सरकार ने सशक्त भू-कानून लागू किया,जिससे अब कोई बाहरी व्यक्ति स्थानीय लोगों की भूमि नहीं खरीद सकेगा। यह कानून राज्य के लोगों की भूमि सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सरकार ने स्वयं सहायता समूहों को मजबूत किया है। अब महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं। चारधाम यात्रा के संबंध में उन्होंने कहा कि इस बार भी यात्रा ऐतिहासिक रूप से संचालित होगी। केदारनाथ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं,और यात्रियों के बढ़ते पंजीकरण से यह साफ है कि इस साल यात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और उनके प्रति जागरूक रहें। मेले में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक भरत चौधरी ने भी जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार के ये तीन वर्ष ऐतिहासिक रहे हैं और इस दौरान जनपद रुद्रप्रयाग में सैकड़ों विकास कार्य किए गए।उन्होंने बताया कि सड़कों का तेजी से निर्माण किया गया है,जिससे दूरस्थ गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया है।उन्होंने कहा कि ‘सरकार जनता के द्वार’कार्यक्रम के तहत प्रशासन आमजन तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान कर रहा है। आने वाले समय में भी रुद्रप्रयाग के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई साह,पूर्व क्षेत्र पंचायत प्रमुख जगदेस्वरी भारद्वाज,मुख्य विकास अधिकारी जी.एस.खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी,विभिन्न गांवों से आए ग्रामीण और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं। बड़मा कृषि पर्यटन एवं सांस्कृतिक विकास महोत्सव के दूसरे दिन जनसैलाब उमड़ पड़ा। लोगों ने पारंपरिक संस्कृति से जुड़कर लोकगीतों और नृत्य का आनंद लिया।