प्रदीप कुमार श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय में जन चिकित्सीय सेवाओं की बेहतरी के लिए बनाई गई कार्डियक कैथ लैब शुक्रवार को जनता की सेवा के लिए समर्पित हो जायेगी। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे बेस चिकित्सालय में शुरु होने जा रही कार्डियक कैथ लैब का लोकापर्ण प्रदेश के महामहिम राज्यपाल ले. ज.गुरमीत सिंह,गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी एवं चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत के हाथों किया जायेगा। बेस चिकित्सालय में कैथ लैब के लोकापर्ण के बाद मुख्य कार्यक्रम मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। श्रीनगर बेस चिकित्सालय में 6 करोड़ 35 लाख की लागत से निर्मित कार्डियक कैथ लैब का लोकापर्ण करने के बाद महामहिम राज्यपाल द्वारा मेडिकल कॉलेज के प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जनता को सम्बोधित किया जायेगा। इस दौरान मेडिकल कॉलेज की उमंग स्मारिका का शुभारंभ भी किया जायेगा। जबकि हरेला पर्व के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में पौधारोपण भी किया जायेगा। बता दें कि प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री डॉ.धन सिंह रावत द्वारा गढ़वाल के विषम भौगोलिक क्षेत्र में निवासित जनता को बेस चिकित्सालय में कार्डियक कैथ लैब के साथ-साथ सुपर-स्पेशलिस्ट सेवाएं प्रदान करने के सतत प्रयास जारी है। कार्डियो कैथ लैब बनने यहां हार्ट से सम्बंधित बीमारी की जांच एंजियोग्राफी व बीमारी के ईलाज एंजियोप्लास्टी व अन्य की सुविधा मिलेगी। जिससे हार्ट संबंधी रोगों का इलाज संभव होगा और मरीजों को इलाज के लिए ऋषिकेश, दून या अन्य बड़ें शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। बेस चिकित्सालय गढ़वाल क्षेत्र के साथ ही चारधाम यात्रा का प्रमुख एंव मुख्य केन्द्र है। जिसको देखते हुए भी कार्डियक कैथ लैब का लोकापर्ण होना भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ.आशुतोष सयाना,कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष दून मेडिकल कॉलेज डॉ.अमर उपाध्याय भी मौजूद रहेगे।